कर्मचारी एवं पेंशनर कल्याण संघ ने करवाया प्रतिभा सम्मान समारोह
घाटी के विभिन्न स्कूलाें के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां
संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खराहल में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कर्मचारी एवं पेंशनर कल्याण संघ खराहल ने वार्षिक प्रतिभा सम्मान समारोह करवाया।
इसमें खराहल घाटी के 15 प्राथमिक, दो माध्यमिक, तीन उच्च और एक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के 166 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
समारोह में सेवानिवृत्त डीपीई फतेह सिंह ठाकुर मुख्यातिथि जबकि विशेष अतिथि गिरीधर रहे। उन्होंने पिछले वर्ष मार्च में स्पेशल ओलंपिक (स्की) इटली में भाग लिया था और देश का नाम चमकाया था।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खराहल, उच्च विद्यालय चताणी, चंसारी और न्योली के विद्यार्थियों ने मंच पर बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। इसके पश्चात मुख्य अतिथि ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खराहल घाटी के विद्यार्थी शिक्षा ही नहीं, बल्कि खेलों और अन्य गतिविधियों में भी बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने खंड से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक प्रतिभा का लोहा मनवाया है। संघ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए हर संभव मदद करेगा। इस दौरान महासचिव देव ठाकुर, सदस्य श्याम शास्त्री, गोविंद, ओम प्रकाश, केडी मंहत, भुवनेश्वर, रूप सिंह, मंजू लता, संध्या, दोतराम, बुद्धि सिंह, गोपाल, रोशन, रविंद्र, सुभाष और मनोहर लाल आदि उपस्थित रहे।