कुल्लू। युवा सेवाएं व खेल विभाग की ओर से 15 और 16 नवंबर को जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इसमें लोकगीत, लोकनृत्य, एकांकी, तबला वादन, बांसुरी वादन, सितार वादन, हारमोनियम लाइट, हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत, कथक और लोक वाद्य वादन सहित कुल 10 प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
विभाग की युवा संयोजक दीप्ति वैद्य ने बताया कि लोकगीत, लोकनृत्य और लोक वाद्य वादन में खंड स्तर से चयनित दल और पिछले वर्ष प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे दल ही भाग ले सकते हैं, जबकि अन्य विधाओं में जिला स्तरीय युवा उत्सव में सीधी एंट्री दी जाएगी। एकांकी प्रतियोगिता में एकांकी का लेखन व निर्देशन युवा द्वारा ही होना चाहिए। लोकगीत के लिए अधिकतम समय सीमा 7 मिनट, एकांकी 45 मिनट, लोक वाद्य वादन व हारमोनियम लाइट 10-10 मिनट और अन्य विधाओं के लिए 15-15 मिनट होगी। लोकगीत व एकांकी में अधिकतम 10-10 प्रतिभागी भाग ले सकते हैं। लोकनृत्य दल में अधिकतम 20 और लोक वाद्य वादन में 8 सदस्य शामिल हो सकते हैं। अन्य स्पर्धाएं एकल प्रतिभागियों के लिए होंगी। दीप्ति वैद्य ने बताया कि जिला स्तरीय युवा उत्सव के सभी प्रतिभागी 8 नवंबर तक जिला युवा सेवाएं व खेल अधिकारी कार्यालय में अपनी प्रतिभागिता की पुष्टि करवा लें। अधिक जानकारी के लिए जिला युवा सेवाएं व खेल अधिकारी कार्यालय के दूरभाष नंबर 01902-224702 पर संपर्क किया जा सकता है।