बार-बार बारिश से सेब तुड़ान प्रभावित
कुल्लू घाटी में 55 फीसदी सेब सीजन सिमटा, सुचारु रूप से नहीं हो रहा काम
पैकिंग और ढुलाई का काम समय पर नहीं निपट रहा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। जिले में करीब 55 फीसदी सेब सीजन खत्म हो चुका है। बार-बार बारिश होने से सेब तुड़ान में बाधा पड़ रही, जिससे बागवानों को खासी दिक्कत़ें पेश आ रही हैं। ऐसे में समय पर सेब का तुड़ान नहीं हो पा रहा है। मौसम खराब होने से बागवान सुचारु रूप से सेब तुड़ान नहीं कर पा रहे हैं।
घाटी में बारिश के कारण कई क्षेत्रों में सेब का तुड़ान बहुत ज्यादा प्रभावित हो रहा है। ऐसे में सेब की पैकिंग और ढुलाई का काम समय पर नहीं निपटाया जा रहा है। घाटी के बागवान अमित, अशोक, चमन, रमेश, अनूप राम, राम नाथ, सुरेश, कैलाश ठाकुर, अखिल ठाकुर, चुनी लाल, महेश आदि का कहना है कि बार-बार बारिश होने से सेब के तुड़ान पर असर पड़ रहा है। इससे मन माफिक सेब को गोदाम में इकट्ठा नहीं हो पा रहे। मंडियों में भी कम बॉक्स ही भेजने को मजबूर हैं। फलोत्पादक मंडल कुल्लू के अध्यक्ष राजगीर महंत बताते है कि अभी तक 45 फीसदी सीजन जिला में बाकी है। मौसम खुल जाने से तुड़ान के कार्य में तेजी आ जाएगी। बागवानी विभाग के उप निदेशक डॉ. आरके शर्मा कहते है कि बारिश के कारण समय पर बागवान बगीचों में सेब का तुड़ान नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला में ऊंचाई वाले क्षेत्र में अभी सेब का सीजन बाकी है। बागवानों को सलाह दी है कि सेब की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें। इससे मंडियों में उम्दा दाम मिलेंगे।