कुल्लू से रामशिला तक 180 लोगों को नोटिस
एक हफ्ते में स्वयं हटाने होंगे अवैध कब्जे
अवमानना करने पर लोनिवि चलाएगा डोजर
हाईकोर्ट के आदेश पर लोनिवि ने की निशानदेही
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हाईकोर्ट के आदेश पर लोक निर्माण विभाग ने भुंतर से रामशिला तक निशानदेही का कार्य पूरा कर दिया है। जिसमें करीब 180 अवैध कब्जे पाए गए हैं। अब लोक निर्माण विभाग ने नोटिस देने की तैयारी शुरू कर दी है। हाईकोर्ट ने भुंतर-रामशीला डिस्ट्रिक मेजर रोड के दोनों ओर बने मकानों की निशानदेही करने के आदेश दिए थे। विभाग का इस प्रक्रिया को पूरा करने में करीब तीन माह का समय लगा है। निशानदेही में लोनिवि के भूमि पर निकले अवैध कब्जों को लेकर मकान मालिकों में हड़कंप मच गया है।
लोनिवि बंजार के तहत आने वाले करीब आठ किलोमीटर दायरे में 150 से अधिक अवैध कब्जे निकले हैं। वहीं लोनिवि डिवीजन कुल्लू के अंतर्गत आने वाले तीन किलोमीटर के रोड में करीब 30 अवैध कब्जे मिले हैं। अब लोक निर्माण विभाग इसकी स्टेट रिपोर्ट तैयार करने में जुट गया है। विभाग एक साथ सभी अवैध कब्जाधारियों को नोटिस देने जा रहा है जिससे सब पर एक साथ कार्रवाई अमल में लाई जा सके। निशानदेही की जद में रिहायशी मकानों के साथ दुकानें व ढाबे आए हैं।
लोनिवि भुंतर के सहायक अभियंता सुरेश कुमार धीमान ने कहा कि निशानदेही की प्रक्रिया हो गई है। सभी दस्तावेजों को भी चैक करने का काम भी पूरा हो गया है। अब जल्द ही अवैध कब्जाधारियों को नोटिस देने की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि एक हफ्ते का समय दिया जाएगा अगर इस समय अवधि में कोई कार्रवाई नहीं होती है तो लोनिवि स्वयं डोजर से अवैध कब्जों को हटाएगा। उन्होंने कहा कि विभाग हाईकोर्ट के आदेशों की पूरी तरह से पालना करेगा।
खीरगंगा 48 अवैध कब्जों का हटाया
कुल्लू। वन विभाग ने ट्रेकिंग रूट खीरगंगा में सालों से स्थापित किए 48 अवैध शैड को हटा दिया है। वन विभाग पार्वती के आरओ तेजस्वी भारती ने कहा कि करीब एक दर्जन लोग हाईकोर्ट के आदेशों पर भी आनाकानी कर रहे थे। ऐसे में उन्हें पुलिस का सहारा लेना पड़ा और अब सभी कब्जों को हटा दिया है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग अभी भी अवैध रूप से टेंट लगा रहे है। समझाने पर भी अगर बाज नहीं आए तो वन विभाग टेंट को जब्त कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगा।