उर्मिला के सिर सजा वायस ऑफ सैंज का ताज
आखिरी सांस्कृतिक संध्या में रमेश ठाकुर ने नचाए दर्शक
स्थानीय लोक कलाकारों ने भी दी शानदार प्रस्तुतियां
अमर उजाला ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)। घाटी में चल रहे चार दिवसीय लक्ष्मी नारायण सैंज मेले की आखिरी सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार रमेश ठाकुर के नाम रही। रमेश ठाकुर ने फिल्मी गीतों पर दर्शकों को खूब नचाया। वहीं वायस ऑफ सैंज का ताज उर्मिला सोनी के सिर सजा। वहीं लोक कलाकार विक्की राजटा ने भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सांस्कृतिक संध्या में ग्रीन हिल्स कंपनी के एमडी जितेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
संध्या के स्टार कलाकार रमेश ठाकुर ने ..ऐ सा मेरा ग्रीन हिलज परिवार, .. कच्ची डोरियां मैंनू तू, ...मेरी रितुए, ..सैंज म्हारा होटल, ...मीठा बड़ा लागदा मेरी झुरिये, ..बांकी पौटू आलिए... आदि गीतों पर दर्शकों को नाचने पर मजबूर कर दिया। रमेश ठाकुर के गानों पर दर्शक दीर्घा में बैठे हुए दर्शकों ने खूब डांस किया।
इस अवसर पर विक्की राजटा ने ओ बांकी चंद्रा याद रखे, ...धारा पांदे लगा कुफ री मामा, ...इक अधिया मंगाई जा रे, ...कंकरिया मार के जगाया गीतों पर वाहवाही लूटी। वायस ऑफ सैंज के प्रतिभागियों ने भी फाइनल राउंड में शानदार प्रस्तुतियां दीं लेकिन फाइनल राउंड में उर्मिला ने बाजी मारी। वायस ऑफ सैंज प्रतियोगिता के रनरअप कुलदीप रहे। प्रतियोगिता में कुल 5 पांच प्रतिभागी शामिल हुए थे। इसमें जज की भूमिका समीर हंस और विद्यासागर ने निभाई। सांस्कृतिक संध्या में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने भी प्रस्तुतियां दीं। जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। इस दौरान मेला कमेटी के प्रधान प्रीतम सिंह नेगी और सचिव झाबे राम आदि मौजूद रहे।