अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)।
लाहौल घाटी में सर्दियों के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा के लिए आवश्यक प्रबंधों को लेकर शनिवार को उपायुक्त लाहौल स्पीति देवा सिंह नेगी की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक में हेलीकॉप्टर सेवा के लिए सभी प्रबंधों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
उपायुक्त देवा सिंह नेगी ने बताया कि ई-उड़ान सॉफ्टवेयर के माध्यम से ऑनलाइन/ऑफलाइन आवेदन उपायुक्त कार्यालय कुल्लू, उपमंडल अधिकारी केलांग और उदयपुर कार्यालयों में किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि लाहौल के सभी हेलीपैड के लिए संपर्क अधिकारियों व सहायक संपर्क अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जिले के सभी हेलीपैड के लिए बने संपर्क मार्गों को सर्दियों के दौरान यातायात के लिए बहाल रखना सुनिश्चित बनाएं। उन्होंने जिले के सभी हेलीपैड पर पुलिस सुरक्षा कर्मचारी, अग्निशमन यंत्र, एंबुलेंस और ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध करने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
बताया कि उड़ान से 24 घंटे पूर्व कोई भी आवेदक अपना टिकट रद्द करवाता है, तभी उसे टिकट की राशि का भुगतान किया जाएगा। बैठक के दौरान उपमंडल अधिकारी नागरिक केलांग कुलबीर सिंह राणा, उपमंडल अधिकारी नागरिक उदयपुर सुनील वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डीडी शर्मा, 94-बीआरओ के अधिकारी सुभाष चौधरी व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
000