अटल टनल रोहतांग के साउथ पोर्टल पर हो रही हल्की बर्फबारी।-संवाद
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी में लोक निर्माण विभाग की 16 सड़कें बंद हैं। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार उदयपुर उपमंडल में वाहनों की आवाजाही सामान्य बनी हुई है। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधीन आने वाले प्रमुख मार्गों पर निर्धारित समय और वाहन संबंधी शर्तों के साथ यातायात जारी है।
रोहतांग दर्रे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सड़क सुबह नौ से शाम चार बजे तक खुली रहेगी। नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक मार्ग पर यातायात बहाल है। दारचा-सरचू और दारचा-शिंकुला मार्ग पर केवल फोर बाई फोर वाहनों को सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक आवाजाही की अनुमति है। इन मार्गों पर स्नो चेन लगाना अनिवार्य किया गया है।
ग्राम्फू-बातल मार्ग रविवार सुबह 10 से शाम पांच बजे तक केवल फोर बाई फोर वाहनों के लिए खुला रहेगा। संसारी-किलाड़-तिंदी-तांदी सड़क पर तांदी से कड़ूनाला तक यातायात सुचारु है। सुमदो-काजा-ग्राम्फू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुमदो से लोसर तक मार्ग खुला है, जबकि लोसर से बातल तक फोर बाई फोर वाहनों को सुबह 10 से शाम पांच बजे तक अनुमति है। संवाद