स्पीति में एसएमसी अध्यापक, अध्यापिकाएं पेन डाउन स्ट्राइक पर।
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के समस्त स्कूलों के एसएमसी अध्यापकों ने कलम छोड़ हड़ताल शुरू कर दी है। शुक्रवार को सभी शिक्षकों ने अपने-अपने स्कूल प्रधानाचार्य को मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपे।
लाहौल-स्पीति में 158 एसएमसी शिक्षक हैं। इसमें लाहौल से 90 और स्पीति से 68 शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। एसएमसी स्पीति संघ के प्रधान फुंचोग केसंग, उपप्रधान दोरजे संदूप, मुख्य सलाहकार छेरिंग दिक्कत, सचिव मोहन सिंह, मीडिया प्रभारी मूलराज, पनमा छोडन, तेंजिन और अंजना ने कहा कि एसएमसी अध्यापक स्थायी नीति की मांग को लेकर पेनडाउन हड़ताल पर बैठ गए हैं।
इस कारण जिले के स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि स्थायी नीति बनाने की मांग कई सालों से की जा रही है। कहा कि वे कई सालों से जिले के दुर्गम स्कूलों में सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में सरकार से उम्मीद है कि बजट सत्र में उनके लिए नीति बनाई जाए। संवाद