मनाली में घट गए सैलानी, सूनी पड़ने लगीं सड़कें
मैदानी इलाकों में एक हफ्ते बाद खुल जाएंगे स्कूल
सैर-सपाटा कर वापस लौटने लगे सैलानी, पर्यटन कारोबारी मायूस
अमर उजाला ब्यूरो
पतलीकूहल/मनाली। पंजाब-हरियाणा और दिल्ली समेत अन्य मैदानी राज्यों में गर्मियों की दो माह की छुट्टियां अंतिम दौर में पहुंच गई हैं। महज एक हफ्ते के बाद स्कूल शुरू हो जाएंगे। लिहाजा, सैलानी मनाली समेत अन्य स्थानों का सैर-सपाटा कर अब वापस घर लौटने लगे हैं। इस कारण देवभूमि कुल्लू-मनाली की सड़कें धीरे-धीरे सूनी होना शुरू हो गई हैं। घाटी के पर्यटन स्थलों में भी सैलानियों के वाहन सड़कों में अपेक्षा से कम दिख रहे हैं।
एक सप्ताह पहले जैसी चहलकदमी न तो लोकल साइट सीन के लिए मशूहर स्थलों पर नजर आ रही है और न ही सड़कों पर पहले जैसी रौनक रह गई है। पर्यटन कारोबारी हैरान हैं कि इस बार मनाली का पर्यटन सीजन यौवन पर पहुंचने से पहले ही क्यों उतार पर है। बताया जा रहा है कि व्हाटस एप और फेसबुक में मनाली के जाम समेत अन्य समस्याओं के कारण पर्यटकों ने मनाली आना कम कर दिया। सैलानियों की संख्या में आई कमी से होटलों के साथ अन्य कारोबारियों में भी इसका असर पड़ने लग गया है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर का कहना है कि इस साल मनाली का पर्यटन कारोबार अधिक समय तक नहीं चल पाया। एएसपी कुल्लू राजकुमार चंदेल का कहना है कि यातायात को सुचारु रखने को अतिरिक्त पुलिस फोर्स का इंतजाम किया गया है। उन्होंने कहा कि अधिकतर जाम चालकों की जल्दबाजी का परिणाम होते हैं। लिहाजा, यातायात समेत अन्य समस्याओं क निपटारे में आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है।