संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर सौंपे रिपोर्ट : उपायुक्त
मानसून से पूर्व तैयारियों को लेकर ली जिला स्तरीय बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला में किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों को तालमेल के साथ एक टीम की तरह कार्य करना चाहिए। आपदा के दौरान क्षति को कम करने, राहत और बचाव कार्यों में प्रत्येक विभाग और व्यक्ति का योगदान आवश्यक है। यह बात सोमवार को उपायुक्त ऋचा वर्मा ने मानसून से पूर्व तैयारियों को लेकर हुई जिला स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही।
उन्होंने संबंधित विभागों को आपदा की दृष्टि से जिले के संवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर इसकी रिपोर्ट सौंपने को कहा। आपदा के दौरान तुरंत से टॉल-फ्री नंबर 1077 पर सूचना दी जानी चाहिए। बैठक में उपस्थित एनडीआरएफ से आए अधिकारियों ने जिले में विभिन्न आपदाओं से निपटने के लिए तैयार किए गए रोडमैप पर चर्चा की। कहा कि कुल्लू जिला अनेक प्रकार की आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील है। ऋचा वर्मा ने कहा कि बहुत सारे ऐसे उपाय हैं, जो अनेक आपदाओं को आने से रोक सकते हैं। इन छोटे-छोटे उपायों और आपदा प्रबंधन पर संबंधित विभागों को गहन अध्ययन की आवश्यकता है। मानसून के दौरान ल्हासे गिरना अथवा भूस्खलन जैसी समस्याएं अधिक रहती हैं। लोक निर्माण विभाग तथा राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को सड़कों के आसपास नालियों व पानी निकासी की समुचित व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने संवेदनशील स्थलों में उठाए जाने वाले ऐहतियाती उपायों को भी सांझा किया। इस मौके पर एडीएम कुल्लू अक्षय सूद भी मौजूद रहे।
नदी के किनारे चेतावनी लगाने के दिए निर्देश
कुल्लू। ऋचा वर्मा ने कहा कि बहुत सैलानी तेज बहाव वाली नदियों के पास शिलाओं पर चढ़कर सेल्फी लेते नजर आते हैं और यह कभी दुर्घटना का शिकार भी बन जाते हैं। उन्होंने सभी एसडीएम को नदियों के किनारे शीघ्र चेतावनी बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस भी ऐसे संवेदनशील स्थलों पर सैलानियों को नदी के पास जाने से रोके और स्थानीय लोगों से भी इस संबंध में पर्यटकों को सचेत करने का आग्रह किया।
अधिकारियों की अनुपस्थित पर तल्ख
कुल्लू। उपायुक्त ने कहा कि ऐसी बैठकों को गंभीरतापूर्वक से लिया जाना चाहिए, जिनमें आम जनता की समस्याओं और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाना शामिल हो। उन्होंने बैठक में कुछ अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ा संज्ञान लेते हुए चेतावनी जारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि विभाग मांगी गई सूचनाओं को तुरंत उपलब्ध करवाएं और किसी प्रकार के विलंब पर सख्ती से निपटा जाएगा।