अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। नगर परिषद मनाली स्वच्छता की ओर एक कदम बढ़ाने जा रही है। रांगड़ी में बन रहे कूड़ा संयंत्र के इंसीनेटर का ट्रायल जून 15 को किया जाएगा। ट्रायल सफल रहा तो 30 जून से यहां पर स्थापित प्लांट काम करना आरंभ कर देगा। कूड़ा संयंत्र लगने से मनाली शहर में कहीं पर भी गंदगी के ढेर नहीं लगेंगे।
नगर परिषद की अध्यक्ष नीना ठाकुर ने कहा कि आचार संहिता हटते ही नप मनाली ने एक बार फिर विकास की राह पकड़ ली है। मनाली व आसपास की पंचायतों को स्वच्छ रखने के लिए लगभग दो करोड़ के टेंडर लगाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार के सहयोग से नप मनाली के स्वरूप को बदलने का बेहतर प्रयास किया जाएगा। जिन लोगों ने अपनी जमीन में झुग्गी-झोपड़ी के लिए जगह दी है, वे लोग शौचालय की भी व्यवस्था करे तथा सफाई रखने में नप मनाली का सहयोग करे। उन्होंने कहा कि नप का कर्मी अब दिन में दो बार कूड़ा एकत्रित करेगा। नगर परिषद न केवल घर-घर से कूड़ा एकत्रित कर रही है, बल्कि लाउड स्पीकर के माध्यम से स्वच्छता का भी संदेश दे रही है। बस स्टैंड को छोड़कर मनाली के सभी सात वार्ड में हालात सुधरते दिख रहे हैं। सुबह ही नगर परिषद की गाड़ी हर वार्ड पर गाने की धुन पर कूड़ा उठाने आ रही है। नगर परिषद मनाली की डोर टू डोर कूड़ा उठाने की मुहिम सफलतापूर्वक चल रही है। लेकिन इस बार नप नए अंदाज में इस मुहिम को सफल बना रही है। उन्होंने दुकानदारों से आग्रह किया कि वो कूड़ा कचरा बाहर न फेंक कर नप के कर्मियों को ही दें। इस दौरान नप उपाध्यक्ष अनिता सूद, पार्षद चमन कपूर, मनोज आदि मौजूद रहे।