अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जिला लाहौल-स्पीति में पिछले माह में हुए भारी बर्फबारी से घाटी की सभी अंदरूनी सड़कें बंद हैं। अधिकतर हिस्सों में दूरसंचार सेवा भी बाधित हुई है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने सीमा सड़क संगठन तथा भारत दूरसंचार निगम के अधिकारियों के साथ शनिवार को आपात बैठक ली।
उपायुक्त ने सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को मौसम अनुकूल होते ही घाटी की सभी मुख्य सड़कों से बर्फ हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। निगम को घाटी में बंद पड़ी दूरसंचार व्यवस्था को ठीक करने के निर्देश दिए। सीमा सड़क संगठन के 70 आरसीसी ने कहा कि केलांग से जिस्पा तक सड़क बहाली का कार्य चला हुआ है। बंद मार्गों से बर्फ हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। सिस्सू में लोक निर्माण विभाग की खराब पड़ी मशीनरी के स्पेयर पार्ट को सिस्सू के लिए भेज दिया गया है। मशीनरी ठीक होते ही सिस्सू हेलीपैड से बर्फ हटाने का कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। उधर, जिला उद्योग केंद्र लाहौल-स्पीति की महत्वपूर्ण बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजक व मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना से संबंधित मामलों को पारित किया गया, जिससे युवा अपना रोजगार अप्रैल में शुरू कर सकें।