कुल्लू/खराहल। भूतनाथ के डबल लेन पुल में दरारें पड़ने के कारण इसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। अब यातायात की समस्या से निजात पाने के लिए विकल्प के तौर पर अखाड़ा बाजार में ब्यास नदी पर एक बैली ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। बताया जा रहा है इसके लिए प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने कवायद शुरू कर दी है। इसके लिए प्रशासन और लोनिवि ने साइट का चयन भी कर लिया है। एस्टिमेट मेकेनिकल विभाग को भेजा जा रहा है। इसके बाद ही खर्चे के बारे में पूरा अनुमान लगाया जाएगा। बैली पुल का इस्तेमाल भूतनाथ डबल लेन पुल के दुरुस्त होने तक किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों का मानना है कि भूतनाथ डबल लेन पुल की मरम्मत के लिए अभी काफी लंबा समय लग जाएगा। यातायात की दुविधा को दूर करने के लिए अखाड़ा बाजार की तरफ एक साइट का चयन किया गया है। यहां पर एक वैली पुल बनाया जाएगा।
भूतनाथ के समीप दस करोड़ से बना डबल लेन पुल में दरारें आने तथा झुक जाने से यातायात को इस पुल से पूरी तरह बंद होने से वाया गेमन पुल होकर अखाड़ा बाजार से बस अड्डे तक आना पड़ रहा है। ऐसे में संकरे अखाड़ा बाजार में जाम की स्थिति से जूझना पड़ रहा है। लिहाजा, ऐसी स्थिति से निपटने के लिए वैली ब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके बनने से यातायात की समस्या से निजात मिल जाएगी। विभागीय अधिकारियों कहना है कि यह पुल सिंगल लेन का होगा। इसे विकल्प के तौर पर प्रयोग किया जाएगा। जब तक भूतनाथ पुल को वाहनों की आवाजाही के लिए तैयार नहीं किया जाता, तब तक बैली ब्रिज को यातायात के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
जब तक भूतनाथ डबल लेन पुल दुरुस्त नहीं होता है, तब तक ट्रैफिक की समस्या को दूर करने के लिए अखाड़ा बाजार में ही एक बैली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार से बात हो चुकी है। पुल का सारा सामान कोलकाता से आएगा और जल्द ही वैली ब्रिज का निर्माण किया जाएगा। - केके शर्मा, अधिशासी अभियंता, लोनिवि कुल्लू-2