अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए विभाग के अधिकारियों ने कुल्लू जिला के विभिन्न गोदामों और डिपुओं से चावल, गेहूं और चीनी के 14 नमूने भरे। विभाग की टीम ने बंजार, सिधवां, मौहल, अप्पर ढालपुर, लोरन, कोलीबेहड़, डोभी, रायसन, दुआड़ा और कोयल गांव के डिपुओं में दबिश दी और सैंपल भरे।
सैंपल अब जांच के लिए शिमला स्थित विभाग की प्रयोगशाला को भेजे गए हैं। खाद्य आपूर्ति विभाग कुल्लू की लगातार दूसरे दिन मंगलवार को जारी छापामारी से हड़कंप मच गया है। जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि खाद्य वस्तुओं के गोदामों के अलावा डिपुओं से चावल, गेहूं व चीनी के सैंपल लिए गए है। सैंपल को जांच के लिए भेज दिया है और इसकी रिपोर्ट दो से तीन हफ्ते में विभाग को आएगी। उधर, जिला खाद्य नागरिक आपूर्ति नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। सरकारी डिपुओं में खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। इससे पहले विभाग ने सोमवार को जिला में खाद्य वस्तुओं के गोदामों में दबिश देते हुए चावल व आटे के नौ सैंपल भरे थे।