लाहौल घाटी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा ठप
डेढ़ सप्ताह से लाहौल घाटी के लिए नहीं हुईं उड़ानें
घाटी से बाहर चल रहे कर्मचारियों की दिक्कतें बढ़ी
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। लाहौल घाटी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा ठप हो गई है। कुल्लू आने वाले कई लाहौलवासी घाटी में ही फंसे हुए हैं। लाहौल का मुख्य त्योहार हालडा शुरू होने वाला है। सबकी नजरें जीएडी से हेलीकॉप्टर शेड्यूल जारी होने पर है।
घाटी से बाहर चल रहे कर्मचारी भी वापस घाटी में नहीं लौट पा रहे हैं। रोहतांग टनल आम जनता के लिए आवाजाही को अभी तक खुल नहीं पाई है। जिससे अब घाटी वासियों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ सप्ताह से लाहौल घाटी के लिए उड़ानें नहीं हो पाई हैं। जिस कारण अब यात्री घाटी के आर-पार फंसे हुए हैं। लाहौल घाटी के लिए सर्दियों के दौरान हेलीकॉप्टर सेवा ही एकमात्र आवाजाही का जरिया है। अब यह सेवा भी ठप होने से यात्रियों को दिक्कतें पेश आने लगी हैं। हालांकि रोहतांग टनल होकर मरीजों को भेजा जा रहा था। इधर, कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सहगल, जनजातीय युवा मंच के अध्यक्ष सुदर्शन जस्पा, प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कुमार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शशिकिरण ने बताया कि हेलीकॉप्टर सेवाएं न होने से यात्रियों व कर्मचारियों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जनजातीय क्षेत्रों के लिए नियमित रूप से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाए जिससे घाटी से आवाजाही शुरू हो सके। इधर, उड़ान प्रभारी अशोक ने बताया कि उन्हें हेलीकॉप्टर के सर्विस के लिए जाने की सूचना मिली है।