कुल्लू। दिवाली उत्सव के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है और जिलाभर में जगह-जगह छापामारी शुरू कर दी है। त्योहारी सीजन में लोगों की सेहत से खिलवाड़ न हो इसके तहत विभाग ने 78 किलोग्राम रंगदार मिठाई को नष्ट किया है। जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी के नेतृत्व में विभाग की एक टीम ने भुंतर से लेकर बंजार तक 60 किलोमीटर के दायरे में यह रेड की है। स्वास्थ्य विभाग की इस छापामारी से दुकानदारों खासकर मिठाई के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
विभाग की टीम ने करीब दो दर्जन दुकानों में दबिश देते हुए रंगदार मिठाई को एकत्रित कर स्वयं ही इसे नष्ट किया है। रंगदार मिठाई में जलेबी, खोया की बर्फी तथा रसगुल्ले शामिल हैं। इसके बाद टीम ने बाह्य सराज आनी में दस्तक दी है। दिवाली को लेकर अलर्ट स्वास्थ्य विभाग ने दुकानों व मिष्ठान भंडारों में जहां छापामारी शुरू कर दी है तो वहीं विभाग ने बाहर से आने वाली वोल्वो बसों व अन्य मालवाहक वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग की कई टीमें जगह-जगह नाकाबंदी कर रही है।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी भाविता टंडन ने कहा कि दिवाली में मिलावटी और रंगदार मिठाई बेचने को लेकर विभाग सतर्क है और विभाग की टीमें गुपचुप तरीके से इस पर नजर रखे हुए है। भुंतर से बंजार से जिभी तक कई मिठाई दुकानों में छापामारी कर उन्हें रंगदार मिठाई मिली है। जिससे विभाग की टीम ने कब्जे में लेकर नष्ट किया है तथा दुकानदारों को चेतावनी दी गई है। दिवाली में दूसरे राज्यों से मिलावटी खोया तथा रंगदार मिठाई की सप्लाई की जाती है जो लोगों की सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। रविवार से छापामारी अभियान को ओर तेज किया जाएगा और ऐसे दुकानदारों को बख्शा नहीं जाएगा।