संवाद न्यूज एजेंसी
कुल्लू। जिले में रविवार को स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन हुआ। इसमें जिले के सातों शिक्षा खंडों कुल्लू-एक, कुल्लू-दो, नग्गर, बंजार, सैंज, भुंतर और निरमंड में 17 केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों में 1,500 से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा रविवार को पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई जो 1:15 बजे तक जारी रही।
जिले में स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए आनी, दलाश, बंजार, बठाहड़, पुजाली, गड़सा, जरी, मौहल, भुट्ठी, ढालपुर, खराहल, रायसन, कटराईं, मनाली, निरमंड, समेज और सैंज में केंद्र बनाए गए थे। इनमें परीक्षा देने के लिए विद्यार्थी अभिभावकों के साथ सुबह 10 बजे से पहले ही पहुंचने शुरू हो गए थे। प्रदेश सरकार ने कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए स्वर्ण जयंती मिडिल मेरिट छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इसमें एससीईआरटी सोलन की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय परीक्षा के माध्यम से 100 मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया जाता है। इस संबंध में गुणवत्ता शिक्षा एवं प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक डॉ. सुनील दत्त ठाकुर ने कहा कि रविवार को 1,500 के अधिक विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति परीक्षा दी। संवाद