अमर उजाला ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)। देश को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोकसभा चुनाव में भी प्रदेश का युवा अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाएगा। बंजार के सैंज में सोमवार को भाजपा युवा मोर्चा के सम्मेलन में यह बात मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आवश्यकता है। पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा के प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए जमीनी स्तर पर काम करना होगा।
कहा कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी को रोकने के लिए महागठबंधन कर रही है। लेकिन यह महागठबंधन नहीं, बल्कि महाठगबंधन है। देश को मिलावट नहीं, एक स्वच्छ व मजबूत नेतृत्व की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां केंद्र की पूर्व कांग्रेस सरकारों ने लाखों, करोड़ों रुपये के घोटाले किए हैं, वहीं मोदी सरकार का पांच साल का कार्यकाल जनता को समर्पित रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि रामस्वरूप शर्मा ने बतौर सांसद कुल्लू के विकास के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस अवसर पर वन मंत्री गोविंद ठाकुर, मंडी संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा और स्थानीय विधायक सुरेंद्र शौरी भी मौजूद रहे।