कुल्लू। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए 4 से 10 फरवरी तक सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान कुल्लू जिला में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन जागरूकता कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने के लिए उपायुक्त यूनुस ने सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की।
यूनुस ने कहा कि पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए जेबरा क्रॉसिंग की संख्या बढ़ाई जाएंगी। सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। कहा कि मुख्य सार्वजनिक स्थलों पर यातायात नियमों से संबंधित पंफ्लेट बांटे जाएंगे। सड़क सुरक्षा से संबंधित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने निजी स्कूलों के संचालकों को निर्देश दिए कि वे स्कूल बसों के लिए निर्धारित सभी मानदंडों को पूरा करने के बाद ही बसें चलाएं। मुख्य सड़कों के साथ लगते स्कूल गेटों पर विशेष ऐहतियात बरतें। कहा कि बजौरा-रामशिला मुख्य सड़क, मनाली व बंजार के आसपास की मुख्य सड़कों पर सवारियां चढ़ाने-उतारने के लिए बसों के रुकने से अक्सर जाम लग जाता है। ऐसे बस स्टॉप्स पर मुख्य सड़क से हटकर बसों के लिए पर्याप्त स्थान की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी ऐसे स्थान चिहिन्त करें और इस दिशा में उचित कार्रवाई करें। स्कूलों और भीड़भाड़ वाले अन्य क्षेत्रों के आसपास वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए चेतावनी बोर्ड और प्लास्टिक की रंबल स्ट्रिप्स लगाई जाएंगी। इस अवसर पर एसडीएम डॉ. अमित गुलेरिया, सहायक आयुक्त सन्नी शर्मा, डीएसपी आशीष शर्मा, आरटीओ कंवलजीत शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता केके शर्मा, प्रधानाचार्य ललित मोहन शर्मा आदि मौजूद रहे।