उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा के बीच रोहतांग दर्रे पर जाम लगना आम हो गया है। इससे मनाली से लेह, लाहौल और पांगी घाटी की ओर जाने वाले लोगों को रोहतांग दर्रे से लेकर मनाली तक तीन से चार घंटे तक जाम में फंसना पड़ रहा है।
पुलिस का फोकस अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव की तरफ है। ऐसे में मनाली से रोहतांग के बीच जगह-जगह जाम लग रहा है। इसका खामियाजा लाहौल, पांगी और लेह की ओर आवाजाही करने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि रोहतांग दर्रा से लेकर मनाली तक ट्रैफिक नियंत्रण की हालात इतनी बदतर है कि यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में घंटों का समय लग रहा है। लाहौल-स्पीति के जनप्रतिनिधियों ने चेतावनी दी है कि ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया गया तो वह प्रशासन के खिलाफ सड़कों पर उतरेंगे। इन दिनों लाहौल घाटी के लोग बड़ी संख्या में दशहरा उत्सव देखने जा रहे है, जो जाम में फंसकर बेहाल हो रहे हैं। कुल्लू से लाहौल पहुंचे यात्री सुरेश कुमार, रमेश लाल, राजकुमार और पंकज ने बताया कि वीरवार को मनाली से लेकर रोहतांग टॉप तक चार घंटे जाम में फंसे रहे। उन्होंने बताया कि उस ओर ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर पुलिस व होमगार्ड के पांच-सात ही जवान नजर आते हैं। उन्हें लंबे जाम को खोलने में काफी वक्त लग जाता है। सेना के एक जवान सुरेश कुमार ने बताया कि वीरवार को उनके जवानों ने ही रोहतांग से लेकर मनाली तक जाम को खोला है। उन्होंने बताया कि जाम के चलते सेना की कानवाई को अपनी मंजिल तक पहुंचने में भारी समय लग रहा है। लाहौल-स्पीति जिला परिषद के सदस्य रमेश रूअलवा ने कहा कि कुल्लू-मनाली प्रशासन को रोहतांग की ओर ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर ध्यान देना होगा।
कोट्स
एसपी शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि रोहतांग दर्रा में ट्रैफिक का सुचारु रखने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवानों की तैनाती की है। कई जगहों पर सड़क खराब और वन वे होने से जाम लग रहा है।