अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। बजौरा पंचायत के बाद डुघीलग पंचायत ने भी शहर के कूड़ा-कचरा को डंप करने के लिए जगह देने से मना कर दिया है। डुघीलग में रविवार को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया। इसमें प्रशासन के साथ नप कुल्लू के अधिकारी भी मौजूद रहे।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद जिला प्रशासन व नगर परिषद ने बजौरा और लगवैली की डुघीलग पंचायत में नई साइट के लिए जगहों को चयन किया गया था। इसके लिए स्थानीय पंचायत से एनओसी लेना जरूरी है। इसे लेकर शनिवार को बजौरा पंचायत में ग्राम सभा का आयोजन हुआ था। यहां स्थानीय लोगों ने कूड़ा कचरा को डंपिंग करने के लिए जगह देने का विरोध किया है। रविवार को डुघीलग में हुई ग्राम सभा में स्थानीय लोगों ने गंदगी पड़ने के साथ कई असुविधा होने का हवाला देते हुए विरोध किया है। एनजीटी के आदेश के बाद अब पिरडी कूड़ा संयंत्र में शहर की गंदगी को डंप नहीं किया जा सकेगा। ऐसे में अब शहर में रोज निकलने वाले सात टन कूड़े को डंप करना प्रशासन व नप कुल्लू के लिए मुश्किल हो गया है। उधर, एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि ग्राम सभा में लोगों ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन बजौरा व डुघीलग पंचायतों में हुई ग्राम सभा में हुई कार्रवाई की रिपोर्ट को 19 जनवरी से पहले प्रदेश हाईकोर्ट में प्रस्तुत करेंगे। उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि जिला प्रशासन नगर परिषद के साथ हाईकोर्ट के आदेश का पालन कर रहा है।