अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लगौटी में टीजीटी कला अध्यापक केे ज्वाइनिंग के तीन दिन बाद ही तबादला करने पर स्कूल प्रबंधन समिति भड़क गई है। सरकार व शिक्षा विभाग का कड़ा विरोध किया। साथ ही अभिभावकों ने धरने की चेतावनी दी है।
स्कूल में पहले ही अध्यापकों की कमी चल रही है और मुश्किल से कला अध्यापिका के आदेश होने से स्कूल प्रबंधन समिति, अभिभावकों व विद्यार्थियों ने खुशी जाहिर की थी। लेकिन दो दिन बाद ही शिक्षा निदेशालय ने उनके तबादला आदेश ऊना जिला के मंडाली स्कूल के लिए कर दिए हैं। हालांकि अभी अध्यापिका रिलीव नहीं हुई है। शिक्षिका के तबादला आदेश सोशल मीडिया में वायरल होने से एसएमसी और अभिभावकों ने प्रदेश सरकार, स्थानीय विधायक व शिक्षा विभाग के प्रति भारी रोष जताया है और चेतावनी दी है कि अगर शिक्षकों के तबादला आदेश नहीं रोके गए तो अभिभावकों को सड़कों पर उतरना पड़ेगा। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष शिव राम चौहान, अभिभावक डोला सिंह, हेम राज, देवेंद्र कुमार, रोशन लाल, ध्यान सिंह, पन्ना लाल, निका राम, चुनी लाल, ज्ञान चंद, उप प्रधान ग्राम पंचायत लगौटी हिरा लाल, सुरेश कुमार, नारायण सिंह तथा सरसा देवी ने कहा कि स्कूल में पहले से अध्यापकों को टोटा चल रहा है और दूसरी तरफ तीन दिन पहले ज्वाइनिंग देने वाले शिक्षकों का यहां से तबादला किया जा रहा है। स्कूल में अभी भी टीजीटी आर्ट, टीजीटी नॉन मेडिकल तथा टीजीटी मेडिकल के पद खाली हैं। इससे 328 विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है। उन्होंने कहा कि अगर शिक्षिका का तबादला नहीं रोका गया तो वह धरना प्रदर्शन करने से पीछे नहीं हटेंगे।