कुल्लू। ढालपुर के खेल मैदान में मंगलवार को अंडर-19 जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आगाज हुआ। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता का शुभारंभ शिक्षा उपनिदेशक जगदीश ने किया। प्रतियोगिता में 44 स्कूलों के करीब 400 छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान एथलेटिक्स व अन्य खेलों के मुकाबले होंगे।
प्रतियोगिता के पहले दिन 1500 मीटर स्पर्धा के छात्र वर्ग में खराहल स्कूल के दीपक पहले, बंजार स्कूल के अक्षय दूसरे, सारी भेखली स्कूल के रजनीश तीसरे स्थान पर रहे। इसी स्पर्धा के छात्रा वर्ग में जिभी स्कूल की यमुना पहले, खलोगी स्कूल की पूजा दूसरे तथा हाई स्कूल सोयल शाड़ी देवी तीसरे, 800 मीटर दौड़ के छात्रा वर्ग में यमुना पहले, मानसी दूसरे, रीता तीसरे स्थान पर रही। जैबलियन के छात्र वर्ग में आयुष पाल पहले, कमल दूसरे, लक्ष्मीकांत तीसरे स्थान पर रहे। जैबलियन के छात्रा वर्ग में शिवानी पहले व दीक्षा दूसरे स्थान पर रही। शिक्षा उप निदेशक जगदीश ने कहा कि विद्यार्थी के लिए पढ़ाई ही सब कुछ नहीं है। विद्यार्थी खेल को भी अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। खेल के मैदान से कई चीजें सीखने को मिलती हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खेलों में भी अच्छा कैरियर है। कुल्लू जिला के कई खिलाड़ियों ने खेलों में अच्छा प्रदर्शन कर नाम कमाया है।इस दौरान शिक्षा विभाग के एडीपीइओ रतन चंद, शारीरिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष मनोहर लाल ठाकुर, गौतम राम, असीम राणा, नारायण सिंह आदि मौजूद रहे।