दुकानदार ने गर्म रॉड और डंडे से पीट दिया किशोर
ऊझी घाटी की घटना, मुंह, आंख, पीठ और एक टांग में गहरे जख्म
गंभीर रूप से घायल किशोर कुल्लू अस्पताल में उपचाराधीन
पीड़ित बच्चे के चाचा ने डीसी से की शिकायत, मांगी रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मनाली थाना की ऊझी घाटी के नेहरू कुंड के पास एक दुकानदार ने 15 साल के एक मासूम की बेरहमी से डंडे और गर्म रॉड से पिटाई कर दी। घायल किशोर का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में इलाज चल रहा है। किशोर के मुंह, पीठ, आंख और टांगों में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि गर्म लोहे की रॉड से पीठ और एक टांग को जलाया गया है। मामला 11 अगस्त का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चंबा जिला के अटवाली गांव निवासी करीब 15 वर्षीय किशोर पिछले कुछ दिनों से नेहरू कुंड के पास एक वेल्डिंग की दुकान में कार्य कर रहा था। 11 अगस्त को दुकानदार ने उसकी पिटाई कर दी। बताया जा रहा कि बच्चे को बीड़ी पीता देख दुकानदार ने उस पर डंडे, ताल-घूंसों और गर्म लोहे की रॉड से उसकी पीठ और टांगों पर को जला दिया। दर्द से कहराते हुए बच्चे को देखकर किसी ने इसकी सूचना मनाली पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को गंभीर हालत में मनाली अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रेफर किया गया। जांच अधिकारी मनजीत ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि अभी तक मेडिकल रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। किशोर के चाचा ने इसकी उपायुक्त से भी शिकायत की है। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने कहा कि बच्चे का इलाज मुफ्त किया जाएगा। इस बारे स्वास्थ्य विभाग को कहा गया है। जबकि मामले को लेकर पुलिस से रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं, महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीरवार को अस्पताल में जाकर किशोर के बयान कलमबद्ध कर लिए हैं।