कुल्लू। खाद्य आपूर्ति विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले सब्जी और फल विक्रेताओं पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में विभाग ने वीरवार को कुल्लू शहर की 13 सब्जी और फल विक्रेताओं की दुकान में छापे मारे। इस दौरान 761 किलोग्राम सब्जियां और 10 दर्जन केले जब्त किए गए हैं। छापों से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
गौरतलब है कि फल और सब्जी विक्रेताओं द्वारा दुकानों में प्लास्टिक थैलों के प्रयोग की बात सामने आई थी। वहीं, ग्राहकों ने दुकानों में रेट लिस्ट न लगाने और सब्जियों के मनमाने दाम वसूले जाने की शिकायतें की थीं, जिस पर विभाग के इंस्पेक्टर द्वारा वीरवार को 13 सब्जियों और फलों की दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान टीम ने 761 किलोग्राम सब्जियों सहित 10 दर्जनों केले जब्त किए हैं। टीम ने कुल्लू शहर में ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया। मामले की पुष्टि करते हुए जिला खाद्य आपूर्ति एवं नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले फल और सब्जी विक्रेताओं की दुकानों पर छापे मार कर 761 किलोग्राम सब्जियां और 10 दर्जन केले जब्त किए हैं। उन्होंने कहा कि उक्त दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।