अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। पिछले करीब तीन माह से बंद भूतनाथ पुल के विकल्प के रूप में अखाड़ा बाजार में ब्यास नदी पर बन रहा बैली ब्रिज अब लगभग पूरा हो गया है।
कुल्लू-मनाली में बढ़ रही सैलानियों की संख्या को देखते हुए उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने वीरवार को बैली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए पुल के निर्माण कार्य का जायजा लिया है। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता अनिल संगराय सहित, अधिशासी अभियंता एसके धीमान भी मौजूद रहे। डीसी ने निर्माणाधीन पुल की सभी बारीकियों को जाना और लोनिवि को इस पुल को आगामी 15 अप्रैल तक हर हालत में शुरू करने को कहा। उन्होंने कहा कि पुल के शुरू होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी। अखाड़ा बाजार में लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि भूतनाथ पुल के क्षतिग्रस्त होने से यातायात की जो समस्या पैदा हुई है, बैली पुल के निर्माण से काफी हद तक इसका समाधान हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि जिला मुख्यालय के साथ ब्यास नदी पर बने दस करोड़ के पुल ने पांच साल के भीतर जवाब दे दिया और जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे जनवरी से वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर रखा है। इससे आम लोगों के साथ सैलानियों को परेशान होना पड़ रहा है। अखाड़ा बाजार की तंग सड़क में रोजाना जाम लग रहा है।