अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। रोहतांग दर्रा के आसपास मौसम खराब होने और ईंधन खत्म होने से सेना का एक हेलीकॉप्टर लाहौल के स्तींगरी हेलीपैड में फंस गया है। हेलीकॉप्टर ने स्तींगरी हेलीपैड से वीरवार दोपहर बाद करीब दो बजे भुंतर एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। लेकिन रोहतांग में खराब मौसम के चलते हेलीकॉप्टर को फिर वापस स्तींगरी हेलीपैड लौटना पड़ा है। इसमें करीब आठ यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि हेलीकॉप्टर में भुंतर एयरपोर्ट पहुंचने तक का ईंधन नहीं था।
लिहाजा अब शुक्रवार को मौसम साफ रहा तो यह हेलीकॉप्टर भुंतर एयरपोर्ट नहीं पहुंच सकेगा। हालांकि पायलट ने उड़ान समिति को बताया है कि सेना के इस हेलीकॉप्टर में सासे के बाहंग स्थित हेलीपैड तक उड़ान भरने का ईंधन बचा है। ऐसे में शुक्रवार को हेलीकॉप्टर भुंतर एयरपोर्ट की बजाय बाहंग हेलीपैड में लैंडिंग कर सकता है। वीरवार को दिन भर सेना के हेलीकॉप्टर ने पहले तिंदी, टिंगरेट और तांदी डाइट स्थित हेलीपैडों से स्कूली बच्चों समेत करीब 15 यात्रियों को तिंदी हेलीपेड पहुंचाया, जहां से सेना के दूसरे बड़े हेलीकॉटर ने इन लोगों को भुंतर एयरपोर्ट के लिए एयर लिफ्ट करना था। लेकिन रोहतांग से सटे इलाकों में खराब मौसम के कारण सेना और पवन हंस का हेलीकॉप्टर रास्ते से ही भुंतर एयरपोर्ट वापस लौट गए। उड़ान प्रभारी सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि शुक्रवार सुबह सेना का हेलीकॉप्टर बीआरओ के अधिकारियों और जवानों को लेकर स्तींगरी हेलीपैड पहुंचा और बीआरओ के ही जवानों को लेकर वापस लौटा। स्तींगरी हेलीपैड से शुक्रवार को कोई भी सवारी एयर लिफ्ट नहीं हो सकी। कहा कि मौसम साफ रहा तो शनिवार को सवारियों को भेजा जाएगा। हालांकि उदयपुर हेलीपैड से चार मरीजों समेत 19 यात्रियों को भुंतर के लिए एयर लिफ्ट किया गया है।