मनाली/कोकसर । रोहतांग दर्रा में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई। हालांकि शनिवार को एक दिन मौसम रहा। इसके अलावा बारालाचा, कुंजम पास, घेपन पीक, सीबी रेंज की पहाड़ी, हनुमान टिब्बा, शिखर और मुकरवे, इंद्रकिला, लद्दाखी पीक, फ्रेंडशिप पीक, बड़ा और छोटा शिगरी ग्लेशियर सहित धौलाधार की पर्वत श्रृंखलाओं पर फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है।
लाहौल की चंद्रा घाटी, पट्टन घाटी और तोद घाटी सहित अन्य रिहायशी इलाकों में शनिवार सुबह से ही घने बादल छाए रहे और लोग घरों के भीतर ही दुबके रहे। दोपहर को घाटी के सभी हिस्सों में बर्फबारी होने की सूचना है। जिला मुख्यालय केलांग में पांच सेंटीमीटर, चंद्रा घाटी में 10 और तोद घाटी में आठ सेंटीमीटर ताजा हिमपात हुआ है। मौसम के हर पल बदलते मिजाज को देख जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को सर्दी भारी पड़ रही है। घाटी के कई इलाकों में बिजली और फोन सुविधा नहीं होने से लोगों को दिक्कत हो रही है। बार-बार बर्फबारी के चलते घाटी के नालों में हिमखंड गिरने का सिलसिला जारी है। हिमखंड गिरने के कारण रोहतांग सुरंग निर्माण स्थल दक्षिणी छोर पर निर्माण कार्य के गति को भी ब्रेक लग गई है। उधर, बीआरओ ने उदयपुर से त्रिलोकनाथ के आसपास आठ किलोमिटर तक सड़क से बर्फ हटा दी है। केलांग-स्तींगरी का कार्य बर्फ पड़ने से बाधित हुआ है। पर्यटन नगरी मनाली में रविवार दोपहर बाद हल्की बारिश होने से तापमान में और गिरावट दर्ज की जा रही है। पर्यटकों ने मनाली माल रोड के साथ आसपास के स्नो प्वाइंटों में जमकर मस्ती की।