अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के बंजार उपमंडल की ग्राम पंचायत चकुरठा के गांव फगवाणा को पहाड़ी में दरारें आने से खतरा हो गया है। पहाड़ी के खतरे से गांव के करीब 150 लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि टीपरीबीड़ पहाड़ी में दरारें आ गई हैं।
पहाड़ी का खिसकना भी शुरू हो गया है। ग्रामीण इंद्र सिंह, महेश शर्मा, देवराज विष्ट, दिवान विष्ट, युगल किशोर, रोशन ठाकुर, हुकमी राम भंडारी, प्रेम सिंह, हीरा लाल, राम सिंह ने बताया कि पहाड़ी का खतरा न केवल फगवाणा गांव पर है, बल्कि इसकी जद में ओड़ी धार व नाउली गांव भी आएंगे। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार से गुहार लगाई है कि शीघ्र ही पहाड़ी में आ रही दरारों का सर्वे करवाया जाए और ग्रामीणों की समस्या को दूर किया जाए। गांव धार्मिक दृष्टि से अहम है और यहां देवता बड़ा छमाहूं के मंदिर के अलावा भंडार, देवी देई का मंदिर, खोडू महाराज का मंदिर, खरीहडु देवता का मंदिर व भंडार मौजूद हैं। ग्रामीण दिवान विष्ट, युगल किशोर, रोशन ठाकुर, हुकमी राम भंडारी, प्रेम सिंह, हीरा लाल ने कहा कि पहाड़ी के दरकने के खतरे से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और रात को सो भी नहीं पा रहे है। डीसी कुल्लू यूनुस ने कहा कि पहाड़ी में आ रही दरारों की रिपोर्ट स्थानीय पंचायत और राजस्व विभाग से मांगी जाएगी।