भाजपा राजनीतिक द्वेष में कर रही है काम : रवि
बोओडी की स्वीकृत योजनाओं को बदलने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। पूर्व विधायक रवि ठाकुर ने बॉर्डर एरिया डेवलपमेंट फंड के तहत स्वीकृत योजनाओं को राजनीतिक द्वेष के चलते बदलने का आरोप लगाया है। रवि ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से सीमांत क्षेत्रों के विकास को मिलने वाले बजट से इलाके की मूलभूत सुविधाओं को संवारा जाता है। उनके कार्यकाल के अंतिम साल में जिन निर्माण कार्यों के लिए केंद्र से स्वीकृति मिल चुकी है, उन्हें अब बदलने के लिए फिर से सरकार को प्रपोजल भेजा गया है। रवि ने कहा कि इससे निर्माण कार्यों में देरी होने के साथ ही सीमांत क्षेत्रों के लोगों में आपसी फूट बढ़ जाएगी। रवि ने कहा कि हालांकि, जब वह साल 2013 में विधायक बने थे तो उन्होंने पूर्व भाजपा कार्यकाल में स्वीकृत योजनाओं में कोई बदलाव नहीं किया, लेकिन भाजपा ने सत्ता में आते ही स्वीकृत योजनाओं को बदलने का प्रपोजल भेजा है। उन्होंने बताया कि इस स्कीम के तहत स्पीति घाटी के लिए केंद्र ने साढे़ आठ करोड़ जारी किए हैं। स्पीति के बीडीसी अध्यक्ष गजू और पूर्व टीएसी मेंबर सोहन सिंह ने बताया कि लालुंग में सड़क और तेलिंग गांव में पानी की स्वीकृत योजनाओं को बदलने का प्रस्ताव भेजा गया है। रवि ने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने सीएम जयराम ठाकुर को ज्ञापन भेजकर इन स्वीकृत परियोजनाओं में बदलाव नहीं करने की अपील की है। अगर सरकार ने मांग नहीं मानी तो इंसाफ के लिए न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
कृषि मंत्री डा. रामलाल मारकंडा ने कहा कि पूर्व विधायक यह बताएं कि किन-किन स्वीकृत योजनाओं को बदला गया है। मारकंडा ने कहा कि सरकार ने राजनीकि द्वेष के चलते किसी भी योजना को बदलने का प्रपोजल नहीं भेजा है।