एनजीटी के आदेश पर होटल
कारोबारियों का मंथन जारी
मनाली होटलियर एसोसिएशन ने की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/पतलीकूहल। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने एक शिकायतकर्ता के आरोप पर मनाली के होटलों की जांच के लिए पैनल गठित किया है, लेकिन एनजीटी के इस आदेश पर मनाली होटलियर एसोसिएशन भी सचेत हो गया है। सोमवार को मनाली की होटलियर एसोसिएशन ने बैठक कर प्रशासन से इस आदेश के संबंध में जानकारी जुटाने का कार्यक्रम बनाया था, लेकिन अभी तक प्रशासन इस पैनल का गठन नहीं कर सका है।
मनाली होटलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि सोमवार की बैठक में सदस्यों ने अपने विचार रखे। उन्होंने दावा किया कि सभी औपचारिकताओं का पूरा कर ही होटल चल रहे हैं। इस बैठक में मनाली के पर्यटन व्यवसाय को बढ़ाने के लिए भी चर्चा हुई। सभी ने एकमत से कहा कि मनाली को कुदरत ने दोनों हाथों से खूबसूरती बांटी है लेकिन कुछ स्थलों तक अभी सड़क सुविधा मुहैया होने का इंतजार है। वहीं उत्तराखंड की तर्ज पर हिमाचल के पर्यटन स्थलों के बारे में सरकार की ओर से प्रचार-प्रसार की बात भी हुई। बैठक में रघुनाथ सूद, मुकेश, रमेश, हीरालाल, कमल, सुरेश, नरेंद्र और विजय शामिल हुए।