कुल्लू। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे-21 स्थित भुंतर में बने बैली ब्रिज में अब सफर करना आसान होगा। अब यहां पर्यटकों, आम लोगों और किसान-बागवानों को घंटों जाम से जूझना नहीं पड़ेगा। नेशनल हाईवे अथॉरिटी की ओर से यहां अब नए पुल का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए प्रशासन ने 10 नवंबर से 10 दिसंबर तक पुल पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है।
इस संबंध में जिला प्रशासन ने आदेश जारी करते हुए इस एक माह की अवधि के दौरान मणिकर्ण और मनाली से मंडी की ओर जाने वाले छोटे वाहन पारला भुंतर, जरड़, रूआड़ू और बजौरा पुल होते हुए बजौरा की ओर निकलेंगे। मनाली से मंडी की ओर जाने वाले वोल्वो बसें और अन्य बसें रात नौ बजे से सुबह सात बजे तक भूतनाथ पुल से कुल्लू शहर में प्रवेश करके सरवरी बस स्टैंड, ढालपुर और मौहल होते हुए भुंतर पहुंचेंगी। मंडी से मनाली की ओर जाने वाली वोल्वों बसों व अन्य बसों के लिए भी यही रूट व समय निर्धारित किया गया है। सभी भारी मालवाहक वाहन रात 11 बजे से सुबह पांच बजे तक ही कुल्लू शहर से गुजर सकेंगे तथा सामान लोड-अनलोड कर सकते हैं।
उधर, घाटी के लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आने वाले समय अब न तो घाटी के किसान-बागवान परेशान होंगे और न ही यहां पर्यटकों को लंबे जाम में फंसना पड़ेगा। मोहर सिंह, संजू पंडित, रूचिन चौहान, मंजीत ठाकुर, ललित, बंटी, पुनित तथा दलीप कुमार ने कहा कि बैली ब्रिज के तंग और वन-वे होने से यहां हर वक्त जाम लगा रहता है। पर्यटन सीजन तथा सेब सीजन के दौरान यह परेशानी और भी विकराल हो जाती है। नए पुल के निर्माण से अब जाम जैसे हालत से छुटकारा मिलेगा। उपायुक्त कुल्लू युनूस ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भुंतर चौक से रामशिला के गैमन पुल तक नो पार्किंग जोन रहेगा और यहां कोई भी वाहन रूक सकेगा। भुंतर के बेली पुल की जगह नए पुल के निर्माण की तुरंत आवश्यकता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।