कुल्लू। जिला मुख्यालय स्थित इंडोर स्टेडियम में 25वीं जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता शुरू हुई। तीन दिन तक चलने वाली प्रतियोगिता में जिलेभर से 120 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
प्रतियोगिता का शुक्रवार को उपायुक्त तोरुल एस रवीश ने शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता जिला बैडमिंटन एसोसिएशन करवा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक रूप से सशक्त बनाते हैं बल्कि जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने एसोसिएशन की पिछले कई वर्षों से जिला स्तर पर बैडमिंटन प्रतियोगिता के आयोजन के लिए सराहना की। कहा कि खेलों के आयोजन से उभरती प्रतिभाओं को मंच मिलता है और जिला व प्रदेश को उत्कृष्ट खिलाडी मिलते हैं। इस अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी गणेश ठाकुर, बैडमिंटन एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय ठाकुर, जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, अधीक्षण अभियंता विनोद ठाकुर, प्रशिक्षक, अभिभावक और खिलाड़ी उपस्थित रहे। संवाद