अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के साथ लगती पीज पंचायत की भूमि पर लग रहे कूड़ा संयंत्र के विरोध में लोग उतर गए हैं। पीज पंचायत में कूड़ा संयंत्र के विरोध में रविवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें पंचायत सदस्यों के साथ-साथ महिला मंडल, युवक मंडल और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
स्थानीय निवासी देवकला, गुड्डी देवी, कल्पना, पुष्पा देवी ने कहा कि जब अन्य जगह पर संयंत्र का स्थान चिन्ह्ति किया गया तो पीज पंचायत में इसे क्यों लगाया जा रहा है। यह शहर का सबसे नजदीक क्षेत्र है। इससे प्रदूषण और महामारी फैलने की आशंका भी हो सकती है। प्रशासन ने जो जगह चिन्ह्ति की है, वहां चीड़ के लगभग 200 हरे पेड़ हैं। संयंत्र लगाने के लिए उनकी बलि चढ़ेगी। जब सरकार और प्रशासन से वाया मिंयाबेहड़ होते हुए पीज पंचायत को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने का आग्रह किया था तो प्रशासन और सरकार ने फंड न होने का हवाले देते हुए इस पर कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अतिरिक्त पंचायत के बाशिंदों ने इस पूरे क्षेत्र को नेचर पार्क और बायोडायवर्सिटी पार्क बनाने के लिए भी कहा था। इसके लिए भी प्रशासन और सरकार को परियोजना तैयार कर दी गई थी। तब भी फंड न होने की बात कही गई थी। लेकिन जब कूड़ा संयंत्र लगाने की बात आई तो प्रशासन हरकत में आकर सड़क सुविधा देने को तैयार हो गया। गांव की महिलाओं का कहना है कि इस संयंत्र को यहां पर किसी भी सूरत में लगने नहीं दिया जाएगा। अगर सरकार और प्रशासन ने पंचायत प्रतिनिधियों के ऊपर दबाव डाला तो गांव के सारे लोग सड़कों पर उतरने से गुरेज नहीं करेंगे। कोर्ट का हवाला जो प्रशासन की ओर से दिया जा रहा है तो कोर्ट में भी इस पर पुनर्विचार करने के लिए याचिका दायर की जाएगी। इस दौरान मनोरमा, शांति देवी, सरला ठाकुर, सरोजबाला, पूनम देवी, बीनू देवी, रेखा देवी, रजनी, सीता देवी, निर्मला, मधु देवी, शारदा, बबली, नीलमा, रेशमा, ऊषा ठाकुर, आशा देवी, हरिचंद, सुशील कुमार, नविंद्र कुमार, सुंदर सिंह, राकेश कुमार, उत्तम आदि मौजूद रहे।