अमर उजाला ब्यूरो
मनाली/उदयपुर। कुल्लू और लाहौल में एक तरफ बर्फबारी हो रही तो दूसरी तरफ भूकंप के झटके लग रहे हैं। पर्यटन नगरी मनाली, लाहौल में सोमवार तड़के करीब चार बजे के बाद भूकंप का झटका महसूस किया गया है। उधर, लाहौल घाटी में बार-बार भूकंप के झटकों से लोग सहम उठे हैं। बताया जा रहा है कि भूकंप के झटकों से हिमस्खलन का खतरा अधिक रहता है।
सोमवार तड़के 4. 12 मिनट पर भूकंप के जोरदार झटके से लोग ठंड के बीच घरों से बाहर निकले। रोहतांग दर्रा के साथ पूरी लाहौल घाटी रविवार रात को ताजा बर्फबारी से सफेद हो गई है। माइनस तापमान होने से लोग कड़ाके की ठंड से परेशान हैं। सड़कों के साथ कई इलाकों में दूरसंचार सेवा बंद है। एसडीएम उदयपुर सुभाष गौतम ने कहा कि भूकंप की सूचना मिली है। लेकिन इससे किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। मनाली में सोमवार की सुबह पौ फटने से पहले तड़के 4. 23 मिनट पर भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया है। जलजले को महसूस करते हुए लोग नींद से जाग उठे और बाहर निकले। स्थानीय निवासी दोरजे, पालमो, सुनील, रमेश, यंगजोम, राजिंद्र ने बताया कि भूकंप के झटके से लोगों की नींद खुल गई और बिस्तर छोड़ बाहर निकले। बताया कि स्थिति सामान्य होने के बाद वह घर के अंदर गए। भूकंप का केंद्र जम्मू-कश्मीर था और रिक्टर स्केल 4.2 आंका गया। फिलहाल किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।