अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। ढालपुर मैदान में अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के लिए सजी अस्थायी मार्केट में व्यापारियों को प्रशासन अब और समय देने के मूड में नहीं है। प्रशासन ने मेला मैदान से दुकानदारों को अस्थायी दुकानें हटाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए प्रशासन ने शनिवार को अस्थायी दुकानों के बिजली, पानी कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्रशासन ने दावा किया है कि रविवार को किसी भी हालत में मेला मैदान को खाली किया जाएगा। मेला मैदान में अभी भी 500 दुकानें सजी हैं। इन्हें दो दिन में हटाना प्रशासन के लिए भी मुश्किल काम होगा। हालांकि मेला मैदान में बाहरी राज्यों के व्यापारियों को दशहरा उत्सव समिति ने दिवाली तक समय दिया था। लेकिन दो दिन बारिश का दौर रहने के कारण व्यापारियों ने दो दिन का समय मांगा था, जो अब खत्म हो गया। अब दुकानें हटाने का क्रम शुरू हो जाएगा। दुकानें हटाने का काम नगर परिषद करती है। नगर परिषद को अभी तक इन कारोबारियों को हटाने के लिए प्रशासन की ओर से आदेश नहीं मिले हैं। नगर परिषद के मुताबिक जब तक व्यापारियों को हटाने के आदेश नहीं मिलते हैं, तब तक दुकानों को नहीं हटाया जाएगा। उधर, स्थानीय कारोबारियों में भी व्यापारियों के मेला मैदान से न हटने से रोष है। उधर, एडीएम अक्षय सूद ने कहा कि मेला मैदान की अस्थायी दुकानों के शनिवार को बिजली-पानी के कनेक्शन काटे जाएंगे। मीना बाजार के दुकानदारों को हटने के आदेश दिए गए हैं। रविवार तक मेला मैदान को खाली करवाया जाएगा। दुकानें हटाने के बाद मॉलरोड से ट्रैफिक सुचारु किया जाएगा।