अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। कुल्लू की स्थानीय मंडियों में एकाएक अनार के दामों में दोगुना वृद्धि हो गई। इससे अनार उत्पादकों के चेहरों पर रौनक आ गई है। एक सप्ताह पहले अनार 25 से 30 रुपये प्रति किलो के हिसाब से मंडियों में बिक रहा था। लेकिन अब भुंतर व बंदरोल की सब्जी मंडी में उत्तम किस्म का अनार 50 रुपये तक प्रति किलो के हिसाब बिक रहा है।
बढ़िया कीमत मिलने से बागवान गदगद हैं। हालांकि इस साल मई और जून माह में सूखे के चलते अनार काफी खराब हो गया था। ऐसे में बागवानों को खासा नुकसान भी झेलना पड़ा है। गत वर्ष की अपेक्षा इस बार अनार की फसल अधिक है। बताया जा रहा है कि जिले के मैदान क्षेत्रों में अनार बगीचों में खत्म हो चुका है। ऐसे में देश की मंडियों में अनार की मांग भी बढ़ गई। आपूर्ति बढ़ने से दाम में भी उछाल आ गया है। घाटी के अनार उत्पादक सतीश महंत, केहर सिंह भंडारी, अर्जुन महंत, अशोक ठाकुर, सुनू राम, चदेराम, ज्ञान ठाकुर, बुद्धि प्रकाश शर्मा बताते हैं कि मंडियों में अब अनार दस रुपये प्रति किलों ज्यादा दाम पर बिक रहा है।
मंडियों में अनार की मांग बढ़ी : मोहन
बदंरोल आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन लाल ठाकुर कहते है कि जिले के निचले क्षेत्रों में अनार की फसल खत्म हो चुकी है। मंडियों में अनार की मांग बढ़ने से इसके दाम में उछाल आया है। उन्होंने कहा कि रविवार को मंडी में 45 रुपये तक अनार की बोली लगी है। भुंतर में 50 रुपये तक अनार किलो बिक रहा है।
कीमतें बढ़कने से बागवानों को फायदा : सुशील
कुल्लू एवं लाहौल स्पीति उपज विपणन समिति के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि अनार की कीमत में बढ़ोतरी होने से बागवानों को इसका फायदा होगा। उन्होंने कहा कि देश की विभिन्न मंडियों में मांग बढ़ने से मूल्यों में वृद्धि हो गई हे। ऐसे में अनार उत्पादक को आर्थिक तौर पर लाभ होगा।