20 करोड़ से शुरू होगा राज्य कृषि यांत्रिकरण कार्यक्रम : डा मारकंडा
केलांग में डॉ. राम लाल मारकंडा ने ली परेड की सलामी
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के पुलिस मैदान में 72वें जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। अवसर पर उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। इस परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा होमगार्ड, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और केंद्रीय विद्यालय की टुकड़ियों ने भी भाग लिया।
डॉ. रामलाल मारकंडा ने जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए लंबे संघर्ष और स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों को याद किया। मारकंडा ने कहा कि सात दशकों के दौरान इस छोटे से प्रदेश ने विकास के कई आयाम स्थापित किए हैं। राज्य में 224 करोड़ रुपये की नई सौर सिंचाई योजना और 174.50 करोड़ रुपये की बहाव सिंचाई योजना को कार्यान्वित करने का निर्णय भी लिया गया है। इन योजनाओं के तहत किसानों को 90 प्रतिशत तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी, जिससे सिंचाई सुविधाओं को और भी बल मिलेगा। किसानों को खेती के मशीनीकरण के लिए राज्य में 20 करोड़ रुपये का नया राज्य कृषि यांत्रिकरण कार्यक्रम आरंभ करने का भी निर्णय लिया गया है। जिला स्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और स्थानीय लोक कलाकारों के अलावा उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला तथा लद्दाख से आए ग्रुप के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। इस अवसर पर कार्यकारी उपायुक्त अमर नेगी, पुलिस अधीक्षक राजेश धर्माणी, अन्य अधिकारी, भूतपूर्व सैनिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उपस्थित थे।