पलचान से लारजी तक होगा ब्यास का तटीकरण : महेंद्र
नदियों के चैनलाइजेशन को बनाई जाएगी 5000 करोड़ की डीपीआर
ढालपुर में धूमधाम से मनाया जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। ऐतिहासिक ढालपुर में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। परेड में हिमाचल प्रदेश पुलिस के अलावा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट एंड गाइड्स और रोवर्स एंड रेंजर्स की टुकड़ियों ने भी शानदार मार्च पास्ट किया।
इस अवसर पर समस्त जिला वासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए महेंद्र सिंह ने कहा कि लाखों सेनानियों और शहीदों की कुर्बानियों के कारण ही हमारा देश गुलामी की बेड़ियों से आजाद हुआ और आज हम आजाद हवाओं में सांस ले रहे हैं।
प्रदेश सरकार के सात माह के कार्यकाल की चर्चा करते हुए महेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में राज्य सरकार ने अल्प अवधि में ही केंद्र से हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाएं मंजूर करवाई हैं। प्रदेश की विभिन्न नदियों, खड्डों और नालों के चैनलाइजेशन और जल संरक्षण के लिए लगभग 5000 करोड़ रुपये की एक वृहद योजना की डीपीआर बनाई जाएगी। पलचान से लारजी तक ब्यास नदी का तटीकरण भी किया जाएगा। इस अवसर पर आईपीएच मंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएं देने और उपलब्धियां हासिल करने वाले लोगों को पुरस्कृत भी किया। समारोह के दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थानों और संस्थाओं के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर विधायक सुरेंद्र शौरी, सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री सत्य प्रकाश ठाकुर, जिला परिषद अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, नगर परिषद उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, जिला भाजपा अध्यक्ष भीम सेन शर्मा, डीसी यूनुस, एसपी शालिनी अग्निहोत्री और अन्य उपस्थित थे।
...रोशन ठाकुर