सब्जी मंडियों में पहुंचा रेड जून सेब
जिला में सेब की अर्ली वैरायटी ने दी दस्तक, 1000 रुपये पेटी बिक रहा सेब
भुंतर, कुल्लू की मंडी में रोजाना पहुंच रही है सेब की खेप
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में 15 जुलाई के बाद सेब सीजन रफ्तार पकड़ेगा। लेकिन सेब की अर्ली वैरायटी रेड जून ने लोकल सब्जी मंडियों में दस्तक दे दी है। कुल्लू की लोकल सब्जी मंडी में शुक्रवार को इसका रेट 40 रुपये प्रति किलो तक रहा और 25 किलो की पेटी 1000 रुपये से अधिक दाम में बिकी।
जिला की सबसे बड़ी सब्जी मंडी भुुंतर में रोजाना करीब दस क्विंटल सेब की खेप पहुंच रही है। हालांकि जिला में अर्ली वैरायटी सेब की सफल कम है बावजूद घाटी के सैकड़ों बागवान इसकी खेती करते हैं। जुलाई माह शुरू होते ही अर्ली वैरायटी ने दस्तक दे दी है और बागवानों को लोकल मंडियों में सेब का अच्छा दाम मिल रहा है। हालांकि इस साल सेब की फसल 70 फीसदी तक कम है। ऐसे में उत्पादकों को इस साल सेब के रेट अच्छे मिलने की उम्मीद है। रेड जून सेब का उत्पादन जिला के निचले इलाकों में किया जाता है। बागवान अनिल कुमार, संतोष कुमार, रमेश, जगदीश, झाबे राम, अमित शर्मा, अमर सिंह तथा हीरा लाल ने कहा कि जुलाई माह से सेब की अर्ली वैरायटी रेड जून बगीचों में तैयार हो गई है। शुरू में ही उनको सेब के उम्दा रेट मिल रहा है। शुक्रवार को उनका सेब भुंतर सब्जी मंडी में 40 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिका है। एपीएमसी के सचिव सुशील गुलेरिया ने कहा कि सेब की अर्ली वैरायटी रेड जून का सीजन शुरू हो गया है। उद्यान विभाग कुल्लू के उप निदेशक राज कुमार शर्मा ने कहा कि सेब की अर्ली वैरायटी तैयार हो गई है। उन्होंने कहा कि जुलाई के तीसरे हफ्ते से रॉयल व स्पर आदि किस्मों का सेब भी मंडियों में आना शुरू हो जाएगा।