शमशी और भुट्टी कालोनी
में पाए 52 अवैध कब्जे
रिहायशी मकान, दुकानें और ढाबे आए अतिक्रमण के जद में
राजस्व विभाग ने तेज की भुंतर-रामशीला सड़क की निशानदेही
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। हाईकोर्ट के आदेश पर भुंतर-रामशीला डिस्ट्रिक मेजर रोड केे दोनों ओर बने मकानों और दुकानों की राजस्व विभाग ने निशानदेही तेज कर दी है। वीरवार को शमशी से भुट्टी-कालोनी के बीच निशान देही में 52 अवैध कब्जे पाए गए हैं। निशानदेही में रिहायशी मकानों के साथ दुकानें व ढाबा भी शामिल हैं। पार्वती घाटी के अवैध कब्जों पर हाईकोर्ट द्वारा अपनाए गए सख्त रुख से भुंतर से लेकर रामशीला तक के लोगों में हड़कंप मच गया है।
वीरवार को राजस्व विभाग भुंतर ने वन विभाग तथा पुलिस के साथ निशानदेही की। 13 किलोमीटर लंबे भुंतर-रामशीला डिस्ट्रिक मेजर रोड का पूरी रिपोर्ट बनाने के लिए हाईकोर्ट ने छह माह का समय दिया है लेकिन इसमें चार माह का समय निकल गया है। हालांकि 80 फीसदी क्षेत्र की निशानदेही पूरी कर दी है। जिसमें करीब 200 अवैध कब्जे पाए गए हैं। वहीं जिला प्रशासन ने 20 जून को जिला मुख्यालय ढालपुर में करीब चार बिस्वा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को प्रशासन ने जेसीबी से उखाड़कर अपने कब्जे में ले लिया है। राजस्व विभाग भुंतर के कानूनगो हीरा लाल ने कहा कि निशानदेही में कई खामियां सामने आई हैं। इसमें कई रिहायशी मकान, व्यवसायिक प्रतिष्ठान भी आए हैं।
उल्लेखनीय है कि प्रदेश हाईकोर्ट ने भुंतर से रामशीला वाया ढालपुर हो गुजरने वाली रोड के दोनों तरफ बने रिहायशी मकानों की निशानदेही करने के आदेश दिए हैं। एसडीएम कुल्लू डॉ अमित गुलेरिया ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर हो रही अवैध कब्जों की निशानदेही में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाता है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।