उदयपुर (लाहौल-स्पीति)।
आधुनिकता के इस दौर में लाहौल घाटी में भारत संचार निगम लिमिटेड की हालत दयनीय है। समूची घाटी में थ्री जी सेवा एक सप्ताह से बंद है। उपभोक्ता रोजाना निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों से इंटरनेट सेवा को ठीक करने की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन बीएसएनएल के अधिकारी व कर्मचारी रोहतांग दर्रा के उस पास ओएफसी कटने का हवाला देकर ग्राहकों को गुमराह कर रहे हैं।
इंटरनेट सेवा बंद रहने से उपभोक्ताओं की ओर से ली गई कई स्कीमें बेकार में ही बर्बाद हो रही हैं। घाटी के बारिंग व गोशाल टॉवर में मंगलवार रात से टूजी सेवा भी बंद हो गई। इससे बीएसएनएल उपभोक्ताओं में निगम की कार्यप्रणाली के प्रति भारी रोष है। ग्राहकों का कहना है कारदंग और त्रिलोकीनाथ में एयरटेल के टावर लगे हैं, लेकिन घाटी की अन्य जगहों के उपभोक्ताओं को बीएसएनएल सेवा दी जा रही है।
लाहौल घाटी में बदहाल बीएसएनएल सेवा के चलते पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से समूची घाटी में थ्री जी सेवा पूरी तरह से बंद होने से परेशानी बढ़ गई है। बीएसएनएल उपभोक्ता सुनील कुमार, रमेश लाल, राहुल ठाकुर और मोहन लाल ने बताया कि बारिंग टावर में मंगलवार रात्रि से टूजी सेवा भी बंद है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट सेवा के ठप रहने से हजारों उपभोक्ता परेशान हैं। उधर, मामले को लेकर लाहौल-स्पीति जिला परिषद के अध्यक्ष रमेश रुवलवा ने बीएसएनएल के सहायक अभियंता से फोन पर बात कर इंटरनेट सेवाओं को जल्द दुरुस्त करने की मांग की है।
दिक्कत जल्द दूर होगी : एसडीओ
केलांग स्थित बीएसएनएल के एसडीओ शाम लाल ने कहा कि कोकसर-मनाली के बीच ओएफसी लाइन में दिक्कत आने से थ्री जी सेवा बंद है। उन्होंने कहा कि एनटीआर की टीम मौके के लिए भेजी जा रही है। दिक्कत जल्द दूर हो जाएगी।