कुल्लू। उपायुक्त कुल्लू युनूस ने जिला में बह रही नदियों और नालों के बढ़ते जलस्तर के चलते पर्यटकों व लोगों से इनके आसपास न जाने की सलाह दी है। उन्होंने बताया कि पर्यटक नदियों के किनारे सेल्फी या तैराकी का जोखिम न उठाएं वर्षा के कारण नदियों व नालों में पानी का बहाव काफी तेज हो गया है। पर्यटक पैराग्लाइडिंग, रिवर राफ्टिंग तथा ट्रैकिंग के लिए जोखिम न उठाएं तथा दूसरों को भी इस विषय में सतर्क रहने की जानकारी दें।
उन्होंने बताया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचित करें। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए उपमंडल व ग्राम स्तर पर तैनात आपदा प्रबंधन समितियों से तैयार रहने को कहा तथा किसी भी आपदा के घटित होने पर तुरंत जिला आपदा प्रबंधन समिति को सूचित करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि नदियों व नालों के किनारें कोई भी रिहायश न लगाए। उन्होंने संबंधित उपमंडल अधिकारियों को इस पर कड़ी नजर रखने को भी कहा।