अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/मनाली/कोकसर। तीन दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद वीरवार दोपहर बाद रोहतांग दर्रा में हल्की बर्फबारी हुई, जिससे लाहौल के लिए होने वाली हेलीकाप्ॅटर की उड़ानें भी प्रभावित हो गई। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में शुक्रवार को भारी बारिश और बर्फबारी होने की चेतावनी जारी की है।
घाटी में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पहले ही अस्त-व्यस्त है। जिला में 25 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित है। ऐसा ही हाल जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का भी है। यहां लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूरसंचार सेवाओं के साथ सड़कें पूरी तरह से बंद हैं। उधर, छह फीट बर्फ से औट-लूहरी हाईवे-305 बंद है। इससे बाह्य सराज की 58 पंचायतों के लोग परेशान हैं। शिवरात्रि उत्सव को घर गए बाह्य सराज के लोगों को दस किलोमीटर तक बर्फ के बीच पैदल आवाजाही करनी पड़ रही है। शनिवार को भी करीब एक दर्जन लोग जान जोखिम में डालकर दर्रा के आरपार हुए। कुल्लू-मनाली को जोड़ने वाले हाईवे-21 पर भूस्खलन और पत्थरों का गिरना लगातार जारी है। इससे पर्यटक और आम लोगों को परेशानियों को सामना करना पड़ रहा है। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने बताया कि मौसम विभाग ने आठ मार्च को भारी बारिश की चेतावनी दी है। इस दौरान जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की संभावना है। उन्होंने आम लोगों के साथ पर्यटकों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाने तथा देर रात वाहन न चलाने की सलाह दी है।