अब सर्कुलर रोड से चलेगा शहर का वन वे ट्रैफिक
साइन एज लगाकर पार्किंग और नो पार्किंग जोन भी होंगे निर्धारित, प्रक्रिया शुरू
सहायक उपायुक्त ने पुलिस अधिकारियों के साथ किया निरीक्षण
कुल्लू शहर में आए दिन लगने वाले जाम से भी मिलेगी निजात
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शहर में जाम की समस्या से निजात पाने के लिए बनाए गए कॉलेज चौक से लगवैली चौक तक सर्कुलर रोड से होकर वन वे ट्रैफिक सुचारु किया जाएगा। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने सर्कुलर रोड के निरीक्षण का जायजा लिया है। सर्कुलर रोड में साइन एज लगाकर पार्किंग और नो पार्किंग जोन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पार्किंग, नो पार्किंग जोन के तय होने से सर्कुलर रोड से वन वे ट्रैफिक के तहत गाड़ियां सरपट दौड़ेंगी।
उपायुक्त ने सर्कुलर रोड से वन ट्रैफिक की अधिसूचना जारी कर दी है। इससे शहर में लगने वाले जाम से लोगों और पर्यटकों को राहत मिलेगी। गौर रहे कि कुल्लू शहर में प्रवेश करते ही ढालपुर चौक के आसपास दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। जाम से निपटने के लिए हालांकि पुलिस ने जवान भी तैनात किए हुए होते हैं, लेकिन प्रशासन ने जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए सर्कुलर रोड का निर्माण किया। अब सर्कुलर रोड को बेहतर बनाकर इसमें ट्रैफिक को सुचारु किया जा रहा है। सहायक आयुक्त ने रविवार को पुलिस अधिकारियों के साथ सर्कुलर रोड का निरीक्षण किया है। शहरवासी नरेश, नवीन, एसी ठाकुर, कर्म चंद, कमल ठाकुर, चमन ठाकुर, सुरेश, सतीश ठाकुर, पूर्ण चंद, निखिल ठाकुर ने कहा कि शहर में लाखों रुपये खर्च कर सर्कुलर रोड का निर्माण किया गया है। इसमें जल्द ट्रैफिक सुचारु हो जाएगा। वहीं सहायक आयुक्त सन्नी शर्मा ने कहा कि सर्कुलर रोड से ट्रैफिक को वन वे करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। रोड साइन एज लगाकर पार्किंग और नो पार्किंग जोन तय किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सर्कुलर रोड से ट्रैफिक वन वे सुचारु होने के बाद ढालपुर में लगने वाले जाम से निजात मिल जाएगी।