अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की नोहांडा पंचायत में बीएसएनएल की दूरसंचार सेवाएं ठप हो गई हैं। दूरसंचार सेवाएं ठप होने से उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या से तंग आकर ग्रामीणों ने बीएसएनएल के एसडीओ को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने गुशैणी एक्सचेंज में दूरसंचार सेवाएं जल्द बहाल करने की मांग उठाई है।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीण श्याम लाल, सुरेश कुमार, दीपक ठाकुर, मनोज ठाकुर, कुलदीप ठाकुर, सुनीता आदि ने कहा कि गुशैणी एक्सचेंज में बिजली जाने पर खराब पड़े जनरेटर का उपयोग नहीं हो पाता है। मोबाइल फोन पर बात करते समय कॉल ड्राप की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। पिछले दो माह से यह समस्या काफी हद तक बढ़ चुकी है, जिससे शुुंगचा, दारन, डिंगचा, खरूगंचा और नाहीं के ग्रामीणों को फोन पर बात करने के लिए घर से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि एकमात्र टावर तिंदर गांव में होने से अन्य गांवों में नेटवर्क नहीं आ रहा है। इसलिए समस्या का हल निकाला जाए। इस दौरान टेलीकॉम अधिकारी एसडीओ सुधीर भारद्वाज ने कहा कि 31 दिसंबर से पहले इस समस्या का हल निकाल लिया जाएगा अन्यथा ग्रामीणों को आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ेगा।