शहर में बिजली के अघोषित कट बने आफत
बिजली बोर्ड का दावा, कुल्लू के लिए पर्याप्त बिजली स्टोरेज
सर्दियों में खपत बढ़ने से बिजली संकट, लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला में कड़ाके की ठंड पड़ते ही बिजली की खपत भी दोगुना हो गई है। ऐसे में सर्दियों में बिजली की खपत बढ़ जाने से कुल्लू शहर और ग्रामीण इलाकों में बिजली संकट पैदा हो गया है। सुबह के समय कुल्लू शहर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली कट लग रहे हैं। हालांकि बिजली बोर्ड ने दावा किया है कि बिजली की पर्याप्त सप्लाई दी जा रही है। उसके बावजूद कट लगने से लोगों में रोष है।
उपभोक्ताओं के अनुसार सुबह के समय बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत बोर्ड के कुल्लू स्थित पावर स्टेशन अंतर्गत कुल 28 हजार उपभोक्ता हैं। शहरवासी अजय ठाकुर, रमन कुमार, विक्रम सिंह, सोनू, गोपाल सिंह ठाकुर, दुनी चंद और बुद्धि प्रकाश ने कहा कि सुबह के समय अघोषित बिजली कट रहे हैं। उस समय बिजली की सबसे ज्यादा आवश्यकता होती है। सुबह आठ बजे से लेकर दस बजे तक करीब एक से डेढ़ घंटे तक कट लग रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से मांग करते हुए कहा है कि सर्दियों में विद्युत आपूर्ति को सुचारू रखा जाए। जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
उपभोक्ता इस तरह से बचाएं बिजली
बिजली की बचत करने का सबसे बढिय़ा उपाया है कि जरूरत न होने पर उपकरण स्विच ऑफ कर दें और प्लग ऑफ करें। हीटर व ब्लोअर जरूरत पड़ने पर ही इस्तेमाल करें। बल्ब की जगह सीएफएल का प्रयोग करें। नाइट बल्ब में 15 वाट की 2 वाट का एलईडी बल्ब लगाएं। वहीं कंप्यूटर में स्क्रीन सेवर न रखें। स्क्रीन सेवर की जगह ब्लैक स्क्रीन ही सेट करें। इससे बिजली की बचत होगी। कंप्यूटर, मॉनिटर, प्रिंटर, कोपियर और स्लीप मोड में सेट करें।
बिजली खपत से अधिक की है स्टोरेज क्षमता
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता विमल प्रकाश ने कहा कि विद्युत बोर्ड के पास खपत से अधिक की स्टोरेज क्षमता है। इन दिनों 16.18 मेगावाट तक खपत कुल्लू के लिए हो रही है। जबकि स्टोरेज क्षमता 20 मेगावाट की है। सर्दियों के दिनों में बिजली कट की समस्या उपभोक्ताओं को पेश नहीं आएगी।