अमर उजाला ब्यूरो
गुशैणी/बंजार (कुल्लू)। तीर्थन घाटी ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क मुख्यालय शाइरोपा में इन दिनों तीर्थन घाटी ईको जॉन क्षेत्र के युवाओं के लिए टूरिस्ट गाइड पहचान पत्र बनाने की प्रक्रिया चली है। वाइल्ड लाइफ रेंज तीर्थन के वन परिक्षेत्राधिकारी भूपेंद्र शर्मा ने कहा कि पार्क प्रभावित क्षेत्र के लोगों को पर्यटन के माध्यम से रोजगार से जोड़ा जा रहा है।
इसके तहत वाइल्ड लाइफ रेंज तीर्थन ईको जॉन क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं के टूरिस्ट गाइड पहचान पत्र बनाए जा रहे हैं। पहचान पत्र बनाने के लिए आवेदक की आयु सीमा 18 से 50 वर्ष तक निर्धारित की गई है। इस आयु वर्ग के लोग 25 मार्च तक आवेदन कर सकते हैं। 26 मार्च से 30 मार्च तक आवेदनों की छंटनी प्रक्रिया होगी और इसी दौरान अभ्यर्थी का व्यक्तिगत परीक्षण भी होगा। अप्रैल माह के प्रथम सप्ताह में चुनिंदा अभ्यर्थियों को पहचान पत्र जारी किए जाएंगे, जिनकी अवधि दो वर्ष तक रहेगी। इसके लिए आधार कार्ड, चरित्र प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाणपत्र, व्यवसायिक पेशे संबंधी प्रमाणपत्र की छाया प्रतियां तथा दो पासपोर्ट साइज के फोटो देने होंगे। पहचान पत्र हासिल करने के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये लिया जाएगा।