अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर की बड़ा भूईन पंचायत में रविवार को जनमंच का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने की। जनमंच में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से 55 का मौके पर समाधान किया गया और शेष को शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया। जनमंच में 13 पंचायतों की शिकायतों को सुना गया।
जनमंच में बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, वन, परिवहन आदि शिकायतें सामने आई। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आम जनमानस की सेवा करना तथा उनके दुख-दर्द का निवारण करना है। इसी उद्देश्य से वर्तमान सरकार ने जनमंच शुरू किया है। जनमंच के माध्यम से प्रदेश के हर आदमी को ऐसा मंच मिला है, जहां पर वह अपनी समस्या को रख सकता है। डॉ. सैजल ने क्रमवार सभी शिकायतकर्ता की बात सुनी और मौके पर अधिकारियों के सहयोग से प्रत्येक की समस्या के समाधान का प्रयास किया। अधिकारियों को शेष शिकायतों निपटाने के निर्देश दिए। जनमंच के अलावा लोगों की समस्याओं को एक सतत प्रक्रिया के तहत सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ने आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों, कर्मचारियों, मजदूरों, किसानों व बागवानों सहित समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा है। इस दौरान सदर विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, पूर्व सांसद महेश्वर सिंह, एचपीएमसी के उपाध्यक्ष राम सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, राज्य योजना बोर्ड के सदस्य युवराज बौद्ध, उपायुक्त यूनुस, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री आदि मौजूद रहे।
जनमंच के दौरान दिए गैस कनेक्शन, चेक
गृहिणी सुविधा योजना के तहत पूईद, न्योली की 11 महिलाओं को दिए गैस कनेक्शन
एक बूटा बेटी के नाम योजना के अंतर्गत 10 नन्हीं बच्चियों को देवदार के पौधे किए प्रदान
बेटी है अनमोल योजना में 10 कन्याओं को 12-12 हजार की एफडी के दस्तावेज दिए
मुख्यमंत्री कन्यादान स्कीम के तहत क्षेत्र की आठ लड़कियों को 40-40 हजार के चेक दिए