अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से ढालपुर मैदान में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेला बुधवार को संपन्न हो गया। समापन समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश चौधरी ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। सोसायटी के अध्यक्ष एवं जिलाधीश यूनुस भी कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बेबी शो प्रतियोगिता के एक वर्ष तक के आयु वर्ग में सर्वज्ञ प्रथम, आद्या शर्मा द्वितीय और मिराया व साक्ष को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार दिया गया। एक से पांच वर्ष तक के आयु वर्ग में वागमी प्रथम, काव्या द्वितीय और अलिशा व एलीना संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं। रस्साकशी प्रतियोगिता में उपायुक्त कार्यालय की टीम ने पहला और ब्वॉयज स्कूल ढालपुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के वर्ग में कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर विजेता और हाई स्कूल सोयल की टीम उप विजेता रही। शतरंज प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में सनौर वैली स्कूल बजौरा के आकाश प्रथम और नवोदय विद्यालय के आर्यन कंबोज द्वितीय रहे। लड़कियों में खुशबू श्रेष्ठ रही। अंडर-19 वर्ग में सनौर वैली स्कूल बजौरा के इलियास खान विजेता और इसी स्कूल के विशाल उप विजेता और हर्षिता तीसरे स्थान पर रही। वरिष्ठ वर्ग में लरांकेलो के ललित वैद्य पहले और पिपलआगे के जितेंद्र चंदेल दूसरे स्थान पर रहे। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने विभिन्न विभागों, संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा रेडक्रॉस सोसायटी के लिए राशि जुटाने के प्रयासों की सराहना की। जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने मेले के दौरान आयोजित की गई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। सहायक आयुक्त सन्नी शर्मा ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी की गतिविधियों की जानकारी दी। ब्यास पब्लिक स्कूल बनोंतर, कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुल्तानपुर, क्रिश्चियन नर्सिंग स्कूल शीशामाटी और सूत्रधार कला संगम के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी
19 से 25 नवंबर तक मनाए जा रहे कौमी एकता सप्ताह के उपलक्ष्य पर जिला कल्याण अधिकारी समीर ने बुधवार को ढालपुर मैदान में जिला स्तरीय रेडक्रॉस मेले के समापन अवसर पर उपस्थित लोगों को अनुसूचित जाति, जनजाति और समाज के अन्य कमजोर वर्गों के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र लोगों से इन योजनाओं का लाभ उठाने की अपील भी की।